कैंप कार्यालय पर बैठक करते डीएम अमरनाथ उपाध्याय।
- फोटो : amar ujala
महराजगंज। जिलाधिकारी ने सोमवार को शिविर कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की, जिसमें कार्यदायी संस्थाओं से गुणवत्तापरक निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र ठूठीबारी व गोपाला के भवन निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय सीमा के अंदर भवन निर्माण पूरा कराए। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से कहा कि उच्चीकृत की जा रही निर्माणाधीन सड़कों पर काम मानक के अनुरूप होना चाहिए। कार्यों में गड़बड़ी होने पर कार्रवाई की जाएगी। काम में लापरवाही मिली तो कंपनी या ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम को समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि 52 जोड़े ने सामूहिक विवाह के लिए पंजीकरण कराया है। इस पर डीएम ने खंड विकास अधिकारियों व नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अधिक पंजीकरण कराएं ताकि निर्धारित समय पर सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल, सीएमओ डाक्टर क्षमा शंकर पांडेय, परियोजना निदेशक राजकरन पाल, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाल, डीसी एनआरएलएम रवींद्रबीर,डीएसटीओ अजय यादव सहित अनेक एजेंसियों के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।