अच्छा कार्य करने वाले ग्राम पंचायतों को मिलेगा ईनाम
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना से दिया जाएगा लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। मुुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत ग्राम पंचायतों को ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जून तक है। जिले में योजना का लाभ लेने के लिए करीब 12 ग्राम पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। योजना के तहत पुरस्कार लेने के लिए ग्राम पंचायतों की ओर से कुछ खास रुचि नहीं दिखाई गई। हमारी पंचायत पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्धारित कार्यों को पूरा करना जरूरी है। इसके बाद पांच श्रेष्ठ ग्राम पंचायतों को अंकों के आधार पर इस योजना के तहत पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार राशि से गांव में आरओ लगवाने सहित अन्य कार्य कराए जा सकते हैं। योजना के तहत ग्राम पंचायतों को दो से आठ लाख रुपये तक दिए जाएंगे।
डीपीआरओ आरएन यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए प्रोत्साहित करना है। ताकि वह स्मार्ट गांव बन सकें। बीते वर्ष इस योजना की शुरूआत हुई है। पिछले वर्ष पांच गांवों को पुरस्कार भी मिल चुका है। इस वर्ष योजना के तहत 12 ग्राम पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। योजना के तहत पुरस्कार प्राप्त करने के लिए 10 जून तक आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए हमारी पंचायत पोर्टल पर आवेदन करना है। जिला परफॉरमेंस, असेसमेंट समिति इसे फ्रीज करेगी। इसके बाद जिला स्तरीय टीम पंचायतों के दावों का परीक्षण करेगी। दावे सही होने पर रिपोर्ट मंडल की टीम के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। अंत में राज्य स्तरीय टीम सत्यापन करेगी। पोर्टल पर पंचायतों को पांच तरह के कार्यों के बारे में जानकारी देनी है। इनके लिए अंक निर्धारित है। मसलन ग्राम पंचायतों ने अपनी आय बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाए। इसके लिए अधिकतम 15 अंक है। स्वच्छता के लिए 20 अंक, विकास कार्यों एवं नागरिक सेवाओं के लिए 25, कार्य प्रणाली व बैठकों के आयोजन के लिए 20 अंक मिलेंगे। ई गवर्नेंस, प्रिया साफ्ट पर फीडिंग, अकाउंटिंग, आरटीजीएस आदि से भुगतान करने पर 20 अंक दिए जाएंगे। जो पंचायतें सबसे अधिक अंक पाएंगी, उन्हें आठ लाख, दूसरे नंबर पर रहने वाली पंचायतों को सात लाख, तीसरे नंबर पर पांच लाख, चौथे नंबर पर तीन और पांचवें नंबर पर रहने वाली पंचायत को दो लाख रुपये पुरस्कार प्रोत्साहन राशि के रूप में मिलेंगे। इस रकम को ग्राम पंचायत अपनी प्राथमिकता के आधार पर जनहित के कार्य में खर्च कर सकेगी।
--------------
पुरस्कार राशि इन कार्यों पर हो सकेगी खर्च
जिला परियोजना प्रबंधक दिव्यांशू श्रीवास्तव ने बताया कि पुरस्कार की रकम से गोशाला की मरम्मत, कचरा प्रबंधन, लघु उद्योग की स्थापना, आरओ प्लांट लगवाने, पंचायत भवन के रखरखाव, जन सेवा केंद्र खोले जाने संबंधी कार्य हो सकते हैं। इसके लिए ध्यान देना होगा कि चुने हुए कार्य का प्रस्ताव अन्य किसी योजना से न हुआ हो।