भूस्खलन से सोनौली-कांठमांडू मार्ग बंद
सोनौली। नेपाल में गुरुवार की रात से बारिश तथा चितवन जिले के मुगलिंग से लेकर नारायण घाट के बीच नोबि के मोवाखोला के पास भूस्खलन होने से सोनौली-काठमांडू मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। दोनों तरफ देशी-विदेशी यात्री फंसे हुए हैं। मौके पर नेपाल पुलिस एवं सेना के जवान राहत कार्य में जुट गए हैं।
नारायण घाट के पुलिस अधीक्षक केएस थापा ने बताया गुरुवार की रात से लगातार हो रही बारिश के कारण सोनौली से काठमांडू मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है। नारायणघाट से मुगलिंग के बीच नोबि मोवाखोला के पास रात तीन बजे भूस्खलन के कारण पहाड़ों से टूट कर पत्थर सड़क पर गिरने से मार्ग शुक्रवार की सुबह छह बजे से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। छोटे वाहनों को हेटोंडा के पहले सिंगल रोड से निकालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस और सेना के जवान क्रेन लगा कर रास्ता खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। उधर, मार्ग पर पत्थर आ जाने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है। वाहन के साथ यात्री भी फंसे हुए हैं और रास्ता खुलने के इंतजार कर रहे हैं।