करंट की चपेट में आने से एक की मौत, दो लोग झुलसे
बाइक से तीन लोग जा रहे थे, रास्ते में गिरे तार से स्पर्श हो जाने से करंट की चपेट में आ गए
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। थाना क्षेत्र के बढ़या गांव स्थित फार्म के निकट खड्डा नहर मार्ग के जमीन पर गिरे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। जहां एक व्यक्ति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दो अन्य की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी झुलसे लोगों की हालत में सुधार न होते देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। बाइक चालक हेलमेट पहने था।
गांव बढ़या मुस्तकीम के टोला गेठिहवा निवासी बिकाऊ (36) गांव के ही अपने दोस्त रमेश गोड़ (45) व संतोष कसौधन (35) के साथ बीते रविवार को दोपहर में एक मोटरसाइकिल से बहुआर बाजार गए थे। वहां से देर रात करीब आठ बजे घर लौट रहे थे। रास्ते में बढ़या गांव स्थित फार्म के निकट खड्डा नहर मार्ग पर तेज आंधी में टूटकर सड़क पर गिरे हाई वोल्टेज तार से बाइक स्पर्श कर गई। जिससे उस पर सवार तीनों लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। जहां बिकाई को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बिकाई की मौत की सूचना पर पत्नी मीरा देवी व बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में इंस्पेक्टर गजेंद्र राय ने बताया कि चिकित्सकों के माध्यम से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। कोई शिकायती पत्र नहीं मिलने पर शव को परिजनों को सौंप दिया गया।