बीडीओ को कार्य में सुधार लाने की चेतावनी
सीडीओ ने कार्यालय कक्ष में बीडीओ और एडीओ पंचायत के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। सीडीओ पवन कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत के साथ बैठक की। जिसमें प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास निर्माण, मनरेगा सहित अन्य कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं में लापरवाही मिलने पर लक्ष्मीपुर के बीडीओ से नाराजगी जताई। साथ ही बीडीओ को कार्य में सुधार लाने की चेतावनी दी।
उन्होंने आगाह किया कि कि शासन के प्राथमिकता वाले के कार्यों में लापरवाही की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, कायाकल्प योजना के कार्य में में तेजी लाएं। ताकि योजना के लाभार्थियों को लाभ मिल सके। मनरेगा के तहत हुए कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मिलने वाले निश्चित मजदूरी का अविलंब भुगतान करें। उन्होंने शौचालयों के निर्माण की प्रगति तेज कराने की हिदायत भी दी। यह भी कहा कि फोटो भी अपलोड कराते रहें। उन्होंने कहा कि प्रिया साफ्ट जरूरी सूचनाओं को अपडेट किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि निरीक्षण के दौरान गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पीडी राजकरन पाल, डीसी एनआरएलएम रविंद्र वीर, जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी, डीपीआरओ आरएन यादव, मनोज त्यागी आदि मौजूद रहे।