घर-घर खोजे जाएंगे क्षय रोग के मरीज
जिले स्तर पर गठित की गईं 125 टीमें
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले को टीबी मुक्त करने के लिए 10 जून से टीबी के मरीजों को खोजने का अभियान शुरू होगा। अभियान की सफलता के लिए जिला क्षय रोग विभाग की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है। अभियान के लिए जिला स्तर से ब्लॉकवार 125 टीमों का गठन किया गया है। टीमें घर-घर जाकर लक्षण के आधार पर टीबी के रोगियों की पहचान करेंगी। ताकि मरीजों को इलाज शुरू कराया जा सके।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीए लारी ने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है। जो बैक्टीरिया के संक्रमण से होता है। उन्होंने बताया कि टीबी का बैक्टीरिया से पीडित मरीज का अगर समय से इसका इलाज नहीं हुआ तो प्रभावित अंग धीरे धीरे काम करना बंद कर देता है। इससे मौत होने की संभावना होती है। इसके लिए टीबी रोग से लोगों को बचाने के लिए विभाग की ओर से तरह तरह के अभियान के माध्यम से जागरूक किया जाता है। 10 जून से 20 जून तक जिले में टीबी खोज अभियान चलेगा। इसके लिए कुल 125 टीमें बनाई गई है। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो सुपरवाईजर कार्यक्रम का पर्यवेक्षण करेंगे। वहीं जिले स्तर पर पांच स्वास्थ्य अधिकारी नामित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी सीएचसी पर पत्र भेजकर इसके लिए आवश्यक जानकारी दी गई है जिससे अभियान को सफल बनाया जा सके।