संस्कृत में रुचि बढ़ाने को शिक्षक प्रशिक्षित
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था में शुरू हुआ पांच दिवसीय प्रशिक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। संस्कृत के प्रति बच्चों में रुचि बढ़ाने के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान धनेवा धनेई में जिले के सभी ब्लॉकों से परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को शुरू हो गया। पहले दिन संस्कृत भाषा के बारे में जानकारी दी गई। लखनऊ के संस्कृत संस्थान से आए प्रशिक्षकों ने इस बारे में शिक्षकों को विस्तार से जानकारी दी।
डॉयट प्राचार्य मसऊद अख्तर अंसारी ने प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा की जानकारी बच्चों को बेहतर तरीके से मिल सके, इसके लिए शिक्षकों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षक दिवाकर मणि त्रिपाठी ने छोटे बच्चों को आपसी चर्चा के माध्यम से संस्कृत भाषा का ज्ञान देने के बारे मेें बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को आपसी व्यवहार के माध्यम से बेहतर संस्कृत का ज्ञान दिया जा सकता है। इस मौके पर प्रशिक्षक यज्ञ नारायण पांडेय, दिवाकर पांडेय, विजय शंकर सिंह, डॉ. बृजेश, रामजी प्रसाद, अखिलेश वर्मा, सच्चिदानंद, मोहम्मद इमरान खान, रेनू वर्मा, राजेश कुमार, राजा राम गोड, बृजेश पांडेय, नवीन कुमार शुक्ला, रेखा वर्मा, रविंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।