सपा सरकार में बने अन्त्येष्टि स्थलों की होगी जांच
जांच के लिए गठित की गई टॉस्क फोर्स
अमर उजाला ब्यूूरो
महराजगंज। समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में जिले में बने अन्त्येष्टि स्थलों की जांच कराई जाएगी। जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने पांच सदस्यीय टॉस्क फोर्स का गठन भी कर दिया है। टॉस्क फोर्स अन्त्येष्टि स्थलों पर हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सहित अन्य बिंदुओं पर जांच करेगी।
इसमें मानक, गुणवत्ता की जांच के लिए डीएम ने पांच सदस्यीय टाक्सफोर्स टीम का गठन कर जांच का निर्देश दिया है। सीडीओ राम सिंहासन प्रेम ने बताया कि वर्ष 2014-15 में 11, 2015-16 में 12 और 2016-17 में 12 ग्राम पंचायतों में कुल 35 अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया गया। इन अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण की गुणवत्ता खराब होने की कई बार शिकायत मिली है। शिकायतों के आधार पर डीएम के निर्देश पर जिलास्तरीय टास्क फोर्स गठित की गई है। इसमें संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सहायक अभियंता जिला ग्राम्य विकास अभिकरण और वित्त एवं लेखाधिकारी जिला पंचायत को शामिल किया गया है। निर्देश दिया है कि अंत्येष्टि स्थलों के गुणवत्ता की जांच करें। टास्क फोर्स को 15 दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।