महराजगंज। जिले में 24 केंद्रों पर लोकसेवा आयोग के अधीनस्थ शिक्षा सेवा चयन (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी पुरुष-महिला सवंर्ग) परीक्षा 2018 कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को हुई। 37 मजिस्ट्रेट, 475 कक्ष निरीक्षकों के अलावा पांच सचल दल निगरानी में परीक्षा हुई। हर परीक्षा केंद्र पर एक-एक दरोगा, दो-दो हेड कांस्टेबल तथा दो-दो होमगार्ड तैनात रहे।
सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा दिन में 11.30 से 1.30 बजे तक हुई। 4272 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 6517 ने छोड़ दी। डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने बताया कि जीजीआईसी महराजगंज, कॉर्मल हाईस्कूल, लिटिल फ्लावर, जीएसवीएस, पंडित दीनदयाल, सोनपति महिला महाविद्यालय, सेंट जोसेफ्स, पंचायत इंटर कॉलेज परतावल, शिवजपत सिंह इंटर कॉलेज भिटौली, डीवीएन आईसी चौक, सूर्यनारायण गर्ल्स कॉलेज भिटौली, डीएवी नारंग, बजरंगी इंटर कॉलेज, ललिता सावित्री देवी महिला पीजी कॉलेज घुघली, एंग्लो संस्कृत घुघली, सरदार पटेल गर्ल्स पुरैना खंडी, आईटीएम चेहरी, एमजी आईसी सिसवा, जीआईसी फरेंदा, एलबीएस मथुरा नगर, परमेश्वरी महाविद्यालय मथुरा नगर, नवजीवन स्कूूल फरेंदा केंद्र पर परीक्षा हुई।
तीन जोनल, दस सेक्टर तथा 24 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे।डीएम अमरनाथ उपाध्याय, एसपी आरपी सिंह, एडीएम रतिभान, एएसपी आशुतोष शुक्ला, डीआईओएस अशोक कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर जायजा लिया। वहीं लिटिल फ्लावर स्कूल पर जाते वक्त परीक्षार्थियों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों को श्निवार रात दुश्वारियां झेलनी पड़ी। शहर में दुकानों के किनारे, दुर्गा मंदिर के पास परीक्षार्थियों ने रात गुजारी। गाजीपुर से पत्नी को परीक्षा दिलाने आए देवानंद वर्मा ने कहा कि दुकान के किनारे रात गुजारनी पड़ी।