किसानों में वितरण के लिए मिला 1480 क्विंटल गन्ने का बीज
- सेवरही से 610 तो लक्ष्मीपुर बीज संवर्द्धन केंद्र से मिला 870 क्विंटल गन्ने का बीज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में गन्ने की खेती के लिए पौध तैयार करने के लिए दो स्थलों से कुल 1480 क्विंटल बीज प्राप्त हुए हैं। विभिन्न प्रजाति के मिले बीज से जहां किसान सुविधाजनक तरीके से पौध तैयार करेंगे, वहीं भविष्य में फसलों के माध्यम से भी अच्छी उपज प्राप्त करेंगे।
जिले में सामान्य व अगैती दोनों प्रजाति के गन्ने की खेती को बढ़ावा देने को लेकर गन्ना विभाग द्वारा प्रयास किया जा रहा है। अगैती प्रजाति में किसानों का अधिक उत्साह है, जिसे देखते हुए इस प्रजाति के बीज अधिक आए हैं। सेवरही व लक्ष्मीपुर केंद्र से जिले को जो 1480 क्विंटल बीज प्राप्त हुए हैं, उसमें अगैती प्रजाति के कोसा 08272 का 675 क्विंटल, सीओ 0118 का 310 क्विंटल, 98014 का 100 क्विंटल, कोसा 12231 का 85 क्विंटल एवं अन्य प्रजाति के 10 क्विंटल तथा सामान्य प्रजाति में कोसा 8452 का 300 क्विंटल बीज मिला है। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि बीज के समय से मिलने से किसानों को सुविधाजनक तरीके से उसे उपलब्ध कराया जाएगा।
सिसवा मिल ने 630 किसानों का किया भुगतान
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि आईपीएल सिसवा चीनी मिल द्वारा शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2020-21 में 29 दिसंबर तक गन्ने की आपूर्ति करने वाले 630 किसानों का 2.31 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। भुगतान के बाद अभी भी मिल पर पेराई का कुल 20.83 करोड़ रुपये बकाया है।