ठूठीबारी। जेएचवी चीनी मिल गडौरा चलाओ भुगतान दिलाओ की मांग को लेकर बीते 28 दिसंबर से गेट पर चल रहा धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। मिल कर्मचारी एवं किसानों ने बकाया भुगतान दिलाने की मांग की। मिल श्रमिक व गन्ना किसानों का समर्थन करते हुए कहा बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अमित पांडे ने कहा कि अगर अभिलंब गडौरा चीनी मिल शुरू कर मिल श्रमिक व गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो संगठन के कार्यकर्ता डीएम का घेराव करेंगे। वहीं धरने का नेतृत्व कर रहे पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन के अध्यक्ष डॉ. नवल किशोर मिश्र ने कहा कि पदयात्रा व सड़क जाम से हमने प्रशासन को दिखा दिया कि गन्ना किसान कमजोर नहीं हैं। हम सभी लोगों ने प्रशासन को सात दिन समय दिया है। अगर इन सात दिनों के अंदर चीनी मिल नहीं चली तो आंदोलन तेज होगा। केन यूनियन चेयरमैन अध्यक्ष राजेश्वर तिवारी ने कहा कि भले ही सरकार खड्डा, कुशीनगर, कप्तानगंज, घोसी आदि मिलों को गन्ना आवंटन कर दिया है, लेकिन किसान अपना गन्ना अन्य चीनी मिलों को नहीं देगें। इस दौरान रवि प्रताप शुक्ला, अंबरीश मिश्रा, राजकुमार मिश्रा, अंकुर मणि त्रिपाठी, शेषमणि यादव, अशोक विश्वकर्मा, दीपक द्विवेदी राकेश दूबे आदि मौजूद रहे।