चुनिंदा एटीएम से निकाल सकेंगे दो हजार के नोट
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। अगले चार महीने में 50 फीसदी एटीएम से 200 रुपये के ही नोट निकाले जा सकेंगे। रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार सभी बैंक अपने एटीएम में सिस्टम नई करेंसी के हिसाब तैयार करा रहे हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि चुनिंदा एटीएम से ही दो हजार रुपये के नोट निकाले जा सकेंगे। अधिकतर एटीएम में 500, 200 और 100 रुपये के ही नोट निकलेंगे। दो हजार के नोटों का चलन दिन प्रतिदिन कम होता जाएगा। रिजर्व बैंक ने इसकी छपाई अब कम कर दी है।
केंद्रीय बैंक का पूरा फोकस अब सौ से ज्यादा दो सौ रुपये के नोटों पर है। निकट भविष्य में न सिर्फ दो सौ रुपये की करेंसी का चलन बढ़ेगा, बल्कि शत प्रतिशत एटीएम इसके लिए तैयार किए जाएंगे। जिले में जो दो सौ रुपये के नोट हैं, इन्हें एटीएम बूथों और बैंक शाखाओं तक पहुंचाया गया है। रिजर्व बैंक के निर्देश हैं कि पांच सौ की एक गड्डी देने की बजाए 200 की दो और सौ की एक गड्डी बैंक खाताधारकों को दी जाए। दरअसल, नोट बंदी के बाद रिजर्व बैंक ने करेंसी की किल्लत खत्म करने के लिए दो हजार रुपये के नोटों की बंपर सप्लाई की थी। नतीजा यह हुआ की किल्लत तो समाप्त हुई लेकिन लोगों की तिजोरी में पहुंचे नोट वापस नहीं आए। यह स्थिति नोटबंदी के छह माह बाद ही स्पष्ट हो चुकी थी। इसकी जानकारी ली गई तो सामने आया कि दो हजार के नोट बैंकों में लौट नहीं रहे हैं। रिजर्व बैंक ने नोटों की जमाखोरी को स्वीकार किया और एक साल पहले दो हजार रुपये के नोट की छपाई बंद कर दी थी। बताया जा रहा है कि दो हजार रुपये के नए नोट की छपाई अब पूरी तरह बंद है। हालांकि इसे घोषित तौर पर स्वीकार नहीं किया जा रहा है।
लीड बैंक (भारतीय स्टेट बैंक) मैनेजर एसके श्रीवास्तव ने बताया कि बडे़ नोट का चलन अब कम किया जा रहा है। डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा दिया जा रहा है। ताकि लोगों को परेशानी न हो सके। एटीएम में 2000 के नोट नहीं डाले जा रहे हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश का पालन किया जा रहा है। अधिकतर एटीएम में 500, 200 और 100 रुपये के ही नोट मिलेंगे।