सोनौली (महराजगंज)। सोनौली सरहद से सटे रूपनदेही जिले में भारतीय मालवाहक ट्रकों के ओवर लोड प्रवेश पर नेपाल सरकार ने रोक लगाई है, जिसके अंतर्गत मंगलवार को नेपाल भंसार में पहुंची तमाम मॉलवाहक ट्रकों को नेपाल पुलिस ने पकड़ लिया और वजन से अधिक सामान को नीचे उतार दिया। इसके बाद भारतीय सीमा में ओवरलोड ट्रक चालकों में हड़कंप मच गया। बेलहियां इंस्पेक्टर बीर बहादुर थापा ने बताया कि एसपी रूपनदेही के निर्देश पर भारत से आने वाली सभी ओवरलोड ट्रकों को रोक दिया गया है। भारत से नेपाल पहुंची तमाम ओवरलोड ट्रकों को रोककर वजन से अधिक माल को अनलोड किया गया। साथ में जुर्माना भी लगाया गया है।