जंगल को आग से बचाने के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। वन विभाग जंगल को आग से बचाने के लिए पहली अप्रैल से जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके लिए जंगल के सीमावर्ती व वनग्रामों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों व वनटांगियों को जागरूक किया जाएगा। अभियान की शुरूआत चेतरा बीट से होगी।
सोहगीबरवां वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधों व वनों की अहम भूमिका है। ऐसे में वन संपदा को बचाना जरूरी है। गर्मी का मौसम आ गया है। आग लगने की घटनाएं भी होने लगी हैं। ऐसे में जब भी कहीं जंगल में आग लगे तो उसे बुझाने में ग्रामीण व वनटागियां समुदाय के लोग वन विभाग का अपेक्षित सहयोग करें। जंगल में आग लगने पर न केवल वन संपदा बल्कि वन्यजीवों की भी हानि होती है। कभी - कभी तो इस आग की चपेट में घरेलू मवेशी भी आ जाते हैं। डीएफओ ने कहा कि वन क्षेत्र में कुल 380 किमी. सड़क है। इन सभी सड़कों के किनारे फायर लाइन बनाई जा रही है। ताकि आग लगने की स्थिति में आग जंगल में फैलने न पाए। जंगल में लगी आग को बुझाने के लिए दस स्थानों पर बोरिंग भी कराई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जंगल में कोई भी व्यक्ति जलती हुई बीड़ी व सिगरेट न फेंके। जंगल में मवेशी चराने वाले चरवाहे मछली आदि न भूनें। जंगल के किनारे के किसान अपने खेतों में डंठल न जलाएं। वनग्रामों में महिलाएं खाना बनाते समय चूल्हे के पास बाल्टी में पानी भर कर रखें और जंगल के अंदर आग कत्तई न जलाएं।