नौतनवां में आयोजित दंगल में दांव आजमातीं महिला पहलवान।
- फोटो : अमर उजाला
नौतनवां। मकर संक्रांति पर मंगलवार को नौतनवां इंटर कालेज के खेल मैदान पर विराट दंगल का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के क्षेत्र सहित बाहर से आए पहलवानों ने दम दिखाया। इस प्रतियोगिता में महिला पहलवानों ने भी अपने दांव आजमाए। इस दौरान क्षेत्र के लोगों की भीड़ रही।
दंगल की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायक अमन मणि त्रिपाठी एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष गुड्डू खान ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर की। गोरखपुर के पहलवान गुड्डू एवं कानपुर के पहलवान संजय के मुकाबले के साथ प्रतियोगिता शुरू हुई। दोनों में काफी देर तक जोर-आजमाइश हुई।
आखिरकार गुड्डू पहलवान जीत गए। महिला पहलवानों में गोरखपुर की नंदिनी एवं मुंबई की चांदनी के बीच मुकाबला हुआ। गोरखपुर की नंदिनी विजयी रहीं। इस दौरान पंजाब से आये पहलवान मुहम्मद अली ने चलते ट्रैक्टर को खींच कर रोक दिया। जो इस प्रतियोगिता का आकर्षण रहा। इस दौरान नन्दलाल जायसवाल, परमजीत सिंह, रहमत, रामनरायन गौतम, आयोजक संतोष पहलवान, सूरज यादव, अर्जुन पहलवान, राजू पहलवान आदि मौजूद रहे।