दो मंडलों में जिला आगे, प्रदेश में 13वां स्थान
एक सप्ताह में 2125 गर्भवती महिलाएं चिह्नित
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना सप्ताह में जनपद ने दो मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं प्रदेश में 13वां स्थान है। एक सप्ताह में जिले में कुल 2125 गर्भवती महिलाओं का फॉर्म भरवाकर पोर्टल पर अपलोड किया गया।
एसीएमओ डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के एक वर्ष पूरा होने पर एक से सात सितंबर तक एक विशेष सप्ताह का आयोजन किया गया था। इस दौरान जिले की कुल 2125 गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर उनके फॉर्म संबंधित पोर्टल पर अपडेट किए गए थे। वहीं करीब 832 महिलाओं के द्वितीय किस्त के लिए आवेदन पत्र और तृतीय किस्त के कुल 471 आवेदन पत्र को पूर्ण कराकर पोर्टल पर अपडेट किया गया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों को मिलाकर 371 आवेदन में कमी था। किसी आवेदन में नाम गलत था तो किसी में खाता संख्या। किसी में आधार कार्ड की कमी मिली। जांच के बाद उन कमियों को दूर कराकर कर पोर्टल पर अपलोड कराया गया। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य गोरखपुर मंडल ने बेहतर कार्य पर जिले को सम्मानित किया है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना सप्ताह समाप्त होने के बाद प्रदेश स्तर पर इसकी समीक्षा हुई तो जिले को प्रदेश में 13 वां स्थान मिला। वहीं गोरखपुर और बस्ती मंडल में जिले को पहला स्थान मिला है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सिंह ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत लाभार्थियों का फार्म अपलोड कराने में देर न करें। एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत तीन किस्तों में पांच हजार रुपये सीधे लाभार्थी के खाते में भेजे जाते हैं।