झमाझम बारिश से शहर में जलजमाव
फोटो
ओवरफ्लो नाली होने से सड़कों पर भरा गंदा पानी, लोगों को हुई परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। शुक्रवार रात हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट के साथ ही शहर में जगह-जगह जलजमाव हो गया। हालांकि किसान खुश हैं। क्योंकि खाद के छिड़काव के बाद फसल को पानी जरूरत थी। शहर के 25 वार्डों में से 12 मोहल्लों में जलजमाव से करीब 20 हजार से अधिक आबादी प्रभावित है।
शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश शनिवार की सुबह 9 बजे तक हुई। शास्त्रीनगर मोहल्ले में दर्जनभर से अधिक घरों को जोड़ने वाली सड़क पानी से लबालब है। यही हाल राजीव नगर मोहल्ले का है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण लोगों को मुख्य सड़क तक आने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अमरुतियां, जय प्रकाश नगर, पंतनगर, चिऊरहा समेत अन्य मोहल्ले में जलजमाव है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पीछे खाली जमीन में पानी भरा है। बीएसए कार्यालय के पास जलजमाव है। जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय परिसर में भी जलजमाव हो गया है। शास्त्रीनगर के रहने वाले अखिलेश पाठक ने बताया कि नालों की सफाई सही से हो तो जलजमान की समस्या ही न पैदा हो। राजीव नगर के रहने वाले आत्माराम गुप्त ने बताया कि जब कभी भी तेज बारिश हो जाती है तो सड़क पर जलजमाव हो जाता है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र कुमार राव का कहना है कि नगर के नालों की सफाई बेहतर ढंग से कराई गई है। नगरवासियों को दिक्कत न हो इसका ख्याल रखा जा रहा है। किसान रामदरश प्रसाद ने बताया कि खेत में यूरिया के छिड1काव के बाद पानी की जरूरत थी। बारिश से धान की फसल को फायदा हुआ है। कृषि उप निदेशक गणेश दूबे ने बताया कि समय-समय पर बारिश होती रहे है तो इस साल धान की अच्छी पैदावार होगी।