महराजगंज। शनिवार की सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। जगह जगह लगे होर्डिग्स गिर गए तो बिजली गुल हो गई, जिससे दिन में काफी देर तक लोगों को बिजली नहीं मिली। आई इस आंधी व हल्की बारिश ने किसानों के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है। फसल खेत में पककर तैयार है। ऐसे में हल्की बारिश के फसल खेतों में गिर गई, जिससे किसानों को काफी नुकसान की संभावना है। हालांकि बारिश से पहले किसानों ने फसलों को काटना शुरू कर दिया था।
इन दिनों फसलों की कटाई चल रही है। जिले में करीब 149387 हेक्टेअर भूमी पर गेहूं की फसल तैयार है। किसान दिन रात एक कर फसल को काटने में लगे हैं। मगर जिस तरह मैसम का मिजाज बदला है। उससे किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीर छा गई है। किसानों को डर सता रहा है कि कहीं पिछले दिनों की तरह ओले के साथ बारिश हुई तो खासा नुकसान हो सकता है। हालांकि जिले के कई स्थानों पर बिजली की आपूर्ति बाधित है जिसमें विभाग के कर्मचारी ठीक करने में जुटे हैं। शनिवार की सुबह ही तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। चेहरी गांव के गोविंद मणि ने बताया कि इस समय फसल पूरी तरहत से पक चुकी है। ऐसे में यदि मौसम बिगड़ता है तो फसल को काफी नुकसान हो सकता है, जिससे फसल की कटाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि अभी फसलों की कटाई में एक सप्ताह का समय लग सकता है। हरखा गांव के किसान सतीश पांडेय ने बताया कि गेहूं की फसल किसानों के लिए काफी अहम है। इस फसल के बूते पर ही किसान अपना पूरा खर्च उठाता है। अभी तक प्रकृति किसानों पर मेहरबान रही है। यदि इस समय प्रकृति की निगाह टेढ़ी हुई तो फसलों को नुकसान होगा।