सिसवा बाजार (महराजगंज)। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और तस्वीर डालने के मामले में पुलिस ने एक समुदाय के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में हियुवा के नगर संयोजक ने तहरीर दी थी।
हिंदू युवा वाहिनी के नगर संयोजक मनीष शर्मा ने कोठीभार पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि सोशल मीडिया पर सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ एक युवती का अश्लील चित्र पोस्ट कर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जो शर्मनाक है। हियुवा के जिलाध्यक्ष नरसिंह पांडेय एवं प्रभारी शेषविजय सिंह ने कहा है कि इस तरह की टिप्पणी सुनियोजित योजना के तहत राष्ट्र विरोधी ताकतों द्वारा की जा रही है। इनका उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश की सरकारों की लोकप्रियता को प्रभावित करना है। किसी के लिए भी इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करना निंदनीय एवं शर्मनाक है। थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय ने बताया कि सोशल मीडिया पर सीएम पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सद्दाम अंसारी, यूनूस अहदम, नाजिम अली, आयत खान, अबुजार, अबरार, सद्दाम हुसैन आदि के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।