नौतनवां (महराजगंज)। जिला गोरखा समाज कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में स्व. अविनाश पांडेय मेमोरियल कैनवास बाल क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरूआत बृहस्पतिवार को मिलिट्री कैंप के खेल मैदान पर की गई। उदघाटन मैच एमबीसी किक्रेट क्लब और यंग स्टार किक्रेट क्लब नौतनवां के बीच खेला गया, जिसमें एमबीसी ने यंग स्टार को 18 रनों से हराकर मैच जीत लिया।
मुख्य अतिथि चेयरमैन गुड्डू खान ने प्रतियोगिता का शुभारंभ कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। यंग स्टार की टीम ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमबीसी की टीम ने निर्धारित आठ ओवर के खेल में तीन विकेट खोकर 43 रन बनाए, जिसमें आकाश जायसवाल ने 16 एवं विनोद ने 20 रनों का योगदान दिया। यंग स्टार के गेंदबाज विकास, विकास बोरा एवं अमरनाथ ने एक-एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यंग स्टार की टीम ने 17 ओवर में ही सभी विकेट खोकर महज 26 रन ही बना पाई, जिसमें अनिल ने 6 एवं विकास ने 4 रन बनाए। एमबीसी के गेंदबाज आकाश जायसवाल ने पांच विकेट हासिल किया। मैन आफ द मैच एमबीसी टीम के आकाश जायसवाल को घोषित किया गया। निर्णायक की भूमिका में विजय मल्ल व पिंकू शुक्ला रहे। इस मौके पर गोरखा समाज जिलाध्यक्ष मनोज राना, संतोष पांडेय, कैप्टन हरि बहादुर गुरूंग, राम कुमार थापा, तुलबहादुर थापा, बंटी पांडेय, सौरभ श्रीवास्तव, अब्दुल वहाब, सन्नी थापा, गौरव, अजय सिंह, सोनू, गणेश मौजूद रहे।