महराजगंज। भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक गुट की नौतनवां तहसील इकाई के पदाधिकारियों ने सोमवार को डीएम को शिकायती पत्र देकर नेपाल के कारखानों से निकला गंदा पानी रोहिन नदी में आने का आरोप लगाया। साथ ही डीएम से इस मामले में प्रभावी कदम उठाने की मांग भी की।
संगठन के नौतनवां तहसील इकाई के अध्यक्ष सुरेश चंद्र साहनी ने आरोप लगाया कि रोहिन नदी में नेपाल के खास तौर से चमड़ा मील से विषैला पानी रोहिन नदी में छोड़ा जा रहा है। जिससे रोहिन नदी के जल का रंग काला होता जा रहा है। यह नदी वन क्षेत्र लक्ष्मीपुर, चौक और पकड़ी रेंज से होकर गुजरती है। नदी का पानी इतना गंदा हो चुका है कि इसके किनारे बसे गांवों तक दुर्गंध जाती है। गांव के लोग इस बात को लेकर भयभीत हैं कि दुर्गंध के कारण कोई संक्रामक रोग न फैल जाए। उनका कहना था कि इस मामले को लेकर कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नदी जल प्रदूषण होने से पर्यावरण को भी क्षति पहुंच रही है। इस मौके पर मो. रहीम, बालिकरन, जितेंद्र आर्य सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।