महराजगंज। शबरी संकल्प योजना के तहत 0 से पांच वर्ष तक के बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए वजन दिवस के आयोजन की तैयारी तेज कर दी गई है। योजना के तहत जिले के 3133 आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन दिवस बनाने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम की निगरानी के लिए 1030 पर्यवेक्षकों की तैनाती भी कर दी गई है।
जिले में निर्धारित केंद्रों पर वजन दिवस 24 व 27 अक्टूबर को मनाया जाएगा। वजन दिवस की तैयारी के लिए सोमवार को सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में वजन दिवस दो चरणों में मनाया जाएगा। उन्होंने इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने की हिदायत भी दी। जिन केंद्रों पर वजन मशीन उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। सीडीओ राम सिंहासन प्रेम ने बताया कि जिले में 3133 केंद्रों पर प्रथम चरण में 24 अक्टूबर और द्वितीय चरण में 27 अक्टूबर को वजन दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए 1030 ग्राम स्तरीय पर्यवेक्षक नामित किए गए हैं। वजन दिवस को सफल बनाने के लिए ब्लॉकों से संबंधित सभी कर्मचारियों को दो दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी अजातशत्रु शाही, बीएसए जगदीश शुक्ला, डीपीआरओ मनोज त्यागी, सीएमओ डॉ. क्षमा शंकर पांडेय, एसीएमओ डॉ. आईए अंसारी, डीएसओ गौरी शंकर शुक्ला आदि मौजूद रहे।