महराजगंज। झमाझम बारिश से नगर ही नहीं ग्रामीणों क्षेत्रों में भी बाढ़ जैसे स्थित उत्पन्न हो गई है। कई स्थानों पर तो रास्ते पानी में डूब गए हैं। वही कुछ स्थानों पर तो घरों में पानी घूस गया है इससे लोगों को यह बारिश किसी आफत से कम नहीं लग रहीं है। समस्या से जूझ रहे लोग सिस्टम को कोसे रहे हैं। नगर में जल निकासी बेहतर न होने कारण लगभग सभी मुहल्लों में जलभराव हो गया है।
रविवार रात बारिश ने नगर पालिका की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। नालों का पानी भी घरों में घुस गया। इससे सावन के पहले सोमवार को ही नगर के लोगों जलजमाव से भारी सांसत झेली। 35 हजार आबादी वाले नगर पालिका में 25 वार्ड हैं। इनमें पानी निकासी के लिए लाखों की लागत से नाली व नाले का निर्माण कराया गया। लेकिन जलनिकासी के काबिल नहीं है। रविवार से शुरू हुई झमाझम बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। इससे नालियों के रास्ते आबादी का पानी घरों तक में पहुंच गया। अमरुतिया, पड़री, शिवनगर, सरोजनीनगर, विस्मिलनगर, राजीवनगर के साथ ही रोडवेज, आबकारी, फायर स्टेशन और बीआरसी सदर परिसर में जलजमाव हो गया। पानी का दबाव बढ़ने पर चिउरहा और शिवनगर वार्ड की सड़कों को काटकर जल निकासी की व्यवस्था की गई। कोतवाली परिसर में बने आवास में पानी घुस जाने से काफी परेशानी हुई। घर में जमा हुए पानी को लोग निकलते हुए नजर आए। जिला मुख्यालय पर भी एसपी दफ्तर के पिछे जलजमाव हो गया है। जिला अस्पताल इमरजेंसी के पास तक पानी जमा हो गया जिससे लोगो को परेशानी हुई।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के मिरजापुर पकड़ी गांव भी पानी से घिर गया। लोगों के घरों तक में भी पानी घुस गया। पानी से डूबी सड़कों के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
रतनपुर प्रतिनिधि के अनुसार परसामलिक थाना क्षेत्र में बघेला नदी में अचानक बाढ़ आने से क्षेत्र के बेलभार, मनिकौरा, परसा, भटौलिया ,श्रीरामपुर ,विषखोप ,जिगिना, गंगवलिया ,पिपरवास ,करौता ,चुडिहारी आदि गांव पानी से घिर चुका है। मनिकौरा तथा भटोलिया गांव में पानी घुस गया है। सड़कें पानी डूब गयीं हैं जिससे लोगों को आने जाने में समस्या हो रही है। एक सप्ताह पहले बने भटौलिया मार्ग के ऊपर से पानी का बहाव तेजी से हो रहा है जिससे पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई सड़क बीच में टूट गई, जिससे परसामलिक और भटौलिया जानें का मार्ग बन्द हो गया है।
खपरैल का मकान गिरा
निचलौल। तहसील क्षेत्र के रौतार गांव मे रिहायशी खपरैल का मकान सोमवार को भोर में वर्षा के कारण गिर गया। गृह स्वामी भागकर जान बचाई। रौतार गांव के नर्बदेश अपने रिहायशी मकान मे सो रहे थे तभी भोर में मकान का एक हिस्सा गिर गया किसी प्रकार भागकर जान बचाई।