महराजगंज। एक जुलाई से लागू होने वाले जीएसटी को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने स्थानीय नगर के मऊपाकड़ व्यापार मंडल के जिला कार्यालय पर बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष पशुपति नाथ गुप्ता ने कहा कि जीएसटी का विरोध पूरे देश में हो रहा है। इसे लेकर 30 जून को सभी व्यापारी अपनी दुकानें बंद रखेंगे। जीएसटी के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जीएसटी के बारे में व्यापारियों को जानकारी नहीं दिया गया है। इसमें टैक्स रेट बहुत ज्यादा लगाया गया है, जिससे महंगाई बढे़गी। इतना ही नहीं जीएसटी के नियमों में पूरी ताकत अधिकारियों के हाथ में दी गई है। इससे व्यापारियों का उत्पीड़न बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी को लागू कर व्यापारियों को पेपर वर्क में न उलझाया जाए जितना टैक्स वसूल करना है कर ले। उन्होंने कहा कि जीएसटी के विरोध में 30 जून को भारत बंद रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील किया कि इस बंदी में सभी व्यापारी सहयोग करें। बैठक में रविन्द्र अग्रहरि, बनारसी, परदेशी, राजेश कसौधन, राजेश अग्रहरी, विजय कश्यप, गौतम अग्रहरि, बृजेश यादव, दिनेश, आदित्य, लक्ष्मण, सुरेंद्र वर्मा, बाबू लाल, अर्जुन सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।