मिठौरा। बुधवार को स्थानीय ब्लाक परिसर में ग्राम प्रधानो को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिए जाने की व्यवस्था की थी। मौके पर पहुंचे तमाम ग्राम प्रधानो ने यह कहते हुए विरोध शुरू कर दिया कि बिना सूचना के प्रशिक्षण कराया जा रहा है। ग्राम प्रधानों ने बीडीओ के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की।
ग्राम प्रधान संघ ब्लाक अध्यक्ष अमरनाथ तिवारी ने बीडीओ को पत्रक दिया। कहा कि 21 जून को ब्लाक मुख्यालय पर प्रशिक्षण के लिए ग्राम प्रधानों को सूचना पहले क्यों नहीं दी गई। प्रशिक्षण मद में आए धन को हजम करने का आरोप मढ़ते हुए पुन: प्रशिक्षण कराने की मांग की। खंड विकास अधिकारी मिठौरा संजय श्रीवास्तव ने कहा एडीओ पंचायत को सूचना देकर ब्लाक के सभी ग्राम विकास अधिकारियों के माध्यम से सभी ग्राम प्रधानों पंचायत प्रतिनिधियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण की सूचना देने के लिए कहा था। अगर किसी को सूचना नहीं मिल पाई है तो इसकी जांच कराई जाएगी।
चिकित्सक पर दुर्व्यवहार का आरोप
कोठीभार। भाजपा के जिला मंत्री ने स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर एक चिकित्सक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। सिसवा रेलवे स्टेशन वार्ड 5 निवासी व भारतीय जनता पार्टी के बरिष्ठ कार्यकर्ता रामनारायण जायसवाल ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बुधवार को एक चिकित्सक ने प्रमाण पत्रों के सत्यापन के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। एसओ कोठीभार ने इस संदर्भ में बताया कि तहरीर मिल गई है।दोनों पक्षो को थाने पर बुलाया गया है।