13 लोग कोरोना संक्रमित मिले, दो हुए स्वस्थ
महराजगंज। कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए जिले में जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अधिक से अधिक लोगों की जांच करने के साथ उन्हें जागरूक भी कर रही है। सोमवार को जिले में 13 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि दो लोग स्वस्थ हुए हैं। अब तक कोरोना के 5958 केस मिल चुके हैं। सक्रिय केस 90 हैं। कोरोना से अब तक 91 लोगों की जान जा चुकी है। 5777 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं।
सीएमओ डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि कोरोना के बढ़ते हुए केस को देखकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिले में किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी कर ली गई है। चिकित्सकों की टीम लगातार काम कर रही है। ज्यादा गंभीर मरीजों को भर्ती करने के लिए महिला अस्पताल में बेहतर व्यवस्था है। बाहर से आने वालों की जिले की सीमा कतरारी एवं फरेंदा बाईपास पर जांच की जा रही है। मास्क का प्रयोग करने एवं सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
उधर, फरेंदा और परतावल संवाद प्रतिनिधि के अनुसार फरेंदा दक्षिणी बाईपास व परतावल क्षेत्र के कतरारी सीमा पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर दूसरे जिलों से आने वालों की कोरोना जांच की। अधीक्षक डॉ. अंग्रेस सिंह ने बताया कि सीएचसी बनकटी व बाईपास पर 159 लोगों की जांच की गई। कतरारी सीमा पर सोमवार को 169 यात्रियों की आरटीपीसीआर तथा 169 लोगों की एंटीजन जांच की गई। जांच टीम में एलटी वीरेंद्र, परवीन प्रकाश, दिनेश वर्मा, मुनीर आलम, रमेश आदि शामिल रहे।
4757 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में सोमवार को 64 केंद्रों पर 45 साल से ऊपर वाले 4757 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया।
महिला अस्पताल में कमला देवी, मनोज कुमार समेत 150 लोगों ने टीका लगवाया। मिठौरा, पनियरा, निचलौल, परतावल, नौतनवां समेत अन्य सीएचसी पर भी टीका लगाया गया। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि 12000 लक्ष्य के सापेक्ष 4757 लोगों को टीका लगाया गया। फरेंदा संवाद प्रतिनिधि अनुसार क्षेत्र के पांच केंद्रों पर 353 लोगों को टीका लगाया गया। फरेंदा सीएचसी, पीएचसी महदेवा, लोक विद्यापीठ नगर व लेजार महदेवा पीएचसी व बृजमनगंज तथा धानी सीएचसी पर टीकाकरण की व्यवस्था है। अधीक्षक डॉ. अंग्रेस सिंह ने बताया कि सीएचसी फरेंदा क्षेत्र के पांच केंद्रों पर 353 लोगों को टीका लगाया गया। बृजमनगंज में 285 व धानी सीएचसी पर 185 लोगों को टीका लगाया।