महराजगंज। जनपद में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के 1218 लाभार्थी इन दिनों सहायता राशि का इंतजार कर रहे है। विभाग में बजट नहीं होने के कारण इनकों योजना के तहत रकम नहीं मिली है। सरकार की ओर से पारिवारिक लाभ योजना के तहत किसी परिवार के कमाऊ मुखिया या सदस्य की मौत 60 वर्ष से पहले हो जाती है तो उनके परिवार को सहायता राशि दी जाती है। योजना के तहत लाभार्थी को 30 हजार अनुदान मिलता है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया की जनपद में पारिवारिक लाभ योजना के तहत 2024-25 में 2483 आवेदन प्राप्त हुआ था। जांच के दौरान 152 आवेदन अपात्र मिले थे। इसे निरस्त कर दिया गया है। कुल 2331 लाभार्थी जिले में स्वीकृत हैं। 1113 लाभार्थी को योजना के तहत 33 करोड़ 39 लाख रुपये उनके खाते में भेजा गया है। बजट नहीं होने के कारण 1218 लाभार्थी को योजना के तहत रकम नहीं जा सका है। बजट आने के बाद बचे लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेज दी जाएगी। उधर, लाभार्थियों का कहना है कि रकम नहीं मिलने से समस्या हो रही है। सभी जरूरी प्रपत्रों को जमा कर दिया गया है।