कैसे होगी पढ़ाई, नहीं आईं पूरी किताबें
अंग्रेजी माध्यम के छात्रों के लिए नहीं आई नई पुस्तकें
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा के लिए किताब, ड्रेस व जूते-मोजे वितरित किए जाते हैं। शिक्षा सत्र तो एक अप्रैल से ही शुरू हो गया है लेकिन जिले में अभी तक समुचित मात्रा में पुस्तकें नहीं आई हैं। कुछ किताबें जिले स्तर पर आई हैं लेकिन इसमें भी अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों के बच्चों के लिए एक भी पुस्तक प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में बच्चों को पुरानी किताबों का सहारा लेना पड़ रहा है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक स्कूलों, कस्तूरबा गांधी बालिका आदि विद्यालयों में बच्चों को वितरित करने के लिए विभाग की ओर से कुल 17 लाख 57 हजार 433 किताबों की मांग संबंधी पत्र शासन को भेजी गई है लेकिन अब तक जिले में कुल तीन लाख 42 हजार 925 किताबें ही प्राप्त हुई हैं। इसमें से पहली खेप में कुल एक लाख 58 जार 360 और दूसरी खेप में एक लाख 84 हजार 565 किताबें प्राप्त हुई हैं। इसमें कक्षा छह का मंजरी, पृथ्वी और हमारा जीवन, आओ समझें विज्ञान, संस्कृत पीयूषम, रेनबो, महान व्यक्तित्व, कक्षा सात के लिए हमारा पर्यावरण पुस्तक आई है। कक्षा 6 एवं 7 की गृह शिल्प, स्काउट गाइड की पुस्तक प्राप्त हुई है। वहीं कक्षा एक की कलरव, कक्षा दो और तीन की गिनतारा आदि विषय की किताबें प्राप्त हुई हैं। बीएसए जगदीश शुक्ला ने बताया कि किताबें प्राप्त होने लगी हैं। सभी पुस्तकें प्राप्त होते ही छात्रों में वितरित करा दी जाएंगी।