शहीद के घर तक पहुंचने को बन रही पक्की सड़क
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद पंकज त्रिपाठी के हरपुर बेलहिया में पहुंचकर केंद्रीय मंत्री शिवप्रताप शुक्ला ने घर तक पक्की सड़क के निर्माण व स्मारक बनवाने के अलावा गांव स्थित विद्यालय उनके नाम पर करने की घोषण की थी। उन्होंने सहयोग राशि भी दी थी। घोषणा के अगले ही दिन से काम भी शुरू कर दिया गया। इस बीच सड़क निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है।
डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान प्रस्तावित कार्य शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया था। निर्देश के क्रम में तत्काल जमीन चिह्नित कर शहीद स्मारक के लिए प्रस्ताव शासन को भेज कर अगले ही दिन से कार्य भी शुरू करा दिया गया। शहीद के घर तक जाने वाले रास्ते पर सीसी रोड बनाने का काम तेज कर दिया गया है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय बेलहिया का नाम भी शहीद पंकज के नाम से कर दिया गया। विद्यालय भवन के रंग रोगन, शौचालय, फर्श सहित अन्य कार्य भी तेज कर दिए गए हैं। ग्राम प्रधान सुनील यादव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में काम तेजी से कराए जा रहे हैं।