महराजगंज। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर शुक्रवार को लीड बैंक भारतीय स्टेट बैंक कार्यालय परिसर में बेरोजगारों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान बेरोजगारों को फोटो फ्रेमिंग, लेमिनेशन, स्क्रीन प्रिंटिंग आदि की जानकारी देकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण में कुशल 27 प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए। मुख्य अतिथि स्टेट बैंक की गोरखपुर शाखा के प्रबंधक एसएन शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बेरोजगार युवक फोटो फ्रेमिंग, लेमिनेशन और स्क्रीन प्रिटिंग आदि का प्रशिक्षण प्राप्त कर कम पूंजी में अच्छा व्यवसाय शुरू कर सकते है। इसके लिए ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान की ओर से बेरोजगारों को प्रशिक्षण दिया जाता है। ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान के निदेशक संत बख्स ने कहा कि स्वरोजगार कर लोग अपने परिवार के लोगों का कम खर्च में भरण पोषण कर सकते है। लीड बैंक प्रबंधक एके निगम ने कहा कि अगर छोटा व्यवसाय शुरू करने में आर्थिक दिक्कत पैदा होती है तो लोग जिले के किसी भी बैंक से संपर्क कर लोन प्राप्त कर सकते हैं। राघवेंद्र सिंह, अजय यादव आदि ने भी विचार व्यक्त किया। इस मौके पर दिनेश गौतम, मनीष शर्मा, प्रदीप गुप्ता, उमेश, मनोज, राहुल, गुलाब चंद्र, सिराजुद्दीन, धीरज, सर्वेश, अरविंद, अशोक, खूबलाल, ईश्वर चंद के अलावा अन्य प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।