महराजगंज। रोहिंग्या मुसलमान भारत में नेपाल की खुली सीमा के जरिए भी प्रवेश कर सकते हैं। इस आशंका के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच जिले से सटे करीब 75 किलोमीटर भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। एसएबी के जवान हर आने - जाने वाले व्यक्तियों व गाड़ियों को चेक करने के बाद ही भारत में प्रवेश करने दे रहे हैं। सुरक्षा कर्मी पगडंडी वाले रास्तों पर भी पैनी नजर रखे हुए हैं। वहीं पुलिस भी बॉर्डर क्षेत्र में नजर बनाए हुए है।
सोनौली सीमा पर एसएसबी की तरफ से लगाए गए सीसी टीवी कैमरे के जरिए भी निगरानी हो रही है। सीमा पर तीन मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं। नेपाल से भारत में प्रवेश करने के दौरान संदिग्ध लगने पर सुरक्षा कर्मी संबंधित व्यक्ति को पूरी जांच पड़ताल के बाद ही छोड़ रहे हैं। यहां तक कि नेपाल सीमा से सटे हर उन पगडंडी के रास्तों पर भी सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए गए हैं जहां से लोगों की आवाजाही होती रहती है। गृह मंत्रालय के निर्देश व खुफिया विभाग के अलर्ट के बाद सीमा पर विशेष निगरानी की जा रही है। खुफिया इनपुट में रोहिंग्या मुसलमान के नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश की आशंका जताई गई है। सीमा के रास्ते हर आने वाले का आईडी कार्ड भी चेक किया जा रहा है। एसएसबी के एपीओ ओपी साहू ने बताया कि बॉर्डर पर जवान चेकिंग में लगे हुए हैं। नेेपाल से आने वाले लोगों के कागजात चेक करने के बाद भी भारत में प्रवेश करने दिया जा रहा है।