एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम के तहत 23 लोगों ने किया आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले मेें बेरोजगारों को राहत देने व उनकी आर्थिक स्थिति को सुधारने के उद्देश्य से उद्यम विभाग की ओर से पहल किया जाएगा। एक जनपद एक उत्पाद व मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष कुल 119 लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। जिससे कि वे अपने आर्थिक स्थिति को सुधारते हुए आत्मनिर्भर बन सकें। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए मानकों को पूरा करने वाले लोगों को विभागीय वेबसाइट पर आवेदन करना होगा।
जिले में एक जनपद एक उत्पाद(ओडीओपी) के तहत जहां फर्नीचर का चयन है वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत स्वरोजगार के इच्छुक लोग विभिन्न ट्रेडों का प्रयोग कर सकते हैं। इस वित्तीय वर्ष में ओडीओपी के तहत जहां 23 आवेदकों को स्वरोजगार से जोड़ना है, वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार कार्यक्रम मेें कुल 96 को लाभान्वित कर उनकी दशा को सुधारा जाना है। उन्हें निर्धारित मानकों के तहत अनुदान का भी लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
-
ओडीओपी योजना में चयन की पात्रता
- आवेदक की उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए
- आवेदक या इकाई किसी बैंक से डिफाल्टर नहीं होना चाहिए
- किसी अन्य रोजगारपक योजना का लाभ प्राप्त न हुआ हो
- आवेदन के साथ आवेदकों को आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, फोटो व शपथ पत्र देना होगा।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार कार्यक्रम की पात्रता
- आवेदक की उम्र 18 से 40 वर्ष होनी चाहिए
- वह उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए
- न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल अथवा समकक्ष होनी चाहिए
- आवेदक के नाम से किसी भी बैंक मेेंं देनदारी नहीं होनी चाहिए
...
योजना से जुड़ सशक्त बन रहे सोनू व रामजतन
ओडीओपी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल 30 लोगों को लाभान्वित किया गया। लाभ प्राप्त करने वाले धर्मपुर के रामजतन चौहान ने बताया कि उन्हें न सिर्फ योजना के तहत 25 लाख का ऋण मिल गया, बल्कि वे अपने व्यवसायिक वृद्धि में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल 102 लोगों को लाभान्वित किया गया। योजना के तहत लाभ प्राप्त करने वाले सोनू विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें भी स्टील बाक्स निर्माण के कार्य के लिए 10 लाख का ऋण प्राप्त हुआ, जिसके बलबूते वे अपने व्यवसाय को बढ़ाने में जुटे हैं।
कोट
वित्तीय वर्ष 2023-24 में एक जनपद एक उत्पाद व मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत 119 लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। स्वरोजगार के इच्छुक लोग निर्धारित वेबसाइट पर आवेदन करते हुए लाभ उठाएं।
अभिषेक प्रियदर्शी, उपायुक्त उद्योग