प्रयोगात्मक परीक्षा के मूल्यांकन में गड़बड़ी पर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। यूपी बोर्ड का परिणाम शनिवार को आने के बाद जमुई कला स्थित पंडित हरिशंकर तिवारी दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज के हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने प्रयोगात्मक परीक्षा के मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए रविवार को प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे कॉलेज पहुंच कर गेट के सामने प्रदर्शन कर रहे छात्रों समझाने बुझाने पर प्रदर्शन बंद किया। प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय प्रशासन से प्रयोगात्मक परीक्षा का फिर से मूल्यांकन करने की मांग की।
कालेज की छात्रा श्वेता भारती, कालिंदी, कृति विश्वकर्मा, शकीना खातून, संगीता, सिंधु प्रजापति, अर्पणा, अर्चना, सुनील, धर्मेंद्र सहित कई विद्यार्थियों का कहना कि यूपी बोर्ड की तरफ से शनिवार को दोपहर में परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को सभी विषयों के प्रयोगात्मक परीक्षा के मूल्यांकन में विद्यालय प्रशासन द्वारा अनियमितता बरती गई है। आरोप लगाया कि विद्यार्थियों को अपेक्षा से कम अंक मिले हैं। अधिकांश विद्यार्थियों को बीस प्रतिशत से भी कम अंक दिया गया है। अभिभावक अर्जुन प्रसाद, लाल बहादुर, वशिष्ठ का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन द्वारा प्रयोगात्मक परीक्षा में अंक दिलाने के नाम पर धनउगाही भी की गई थी। जिसे देने के बाद भी विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ की गई है। यह आरोप भी लगाया कि विद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को चरित्र प्रमाण पत्र न देने की धमकी दे रहा है। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिग्विजयनाथ तिवारी का कहना है कि विद्यार्थियों व अभिभावकों का आरोप निराधार है।