मजदूरी दिलाने के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
आवास निर्माण में धांधली का आरोप लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। निचलौल ब्लॉक के हरगांव टोला पिपरहवां के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण में धांधली का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। साथ ही एडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने इस योजना के तहत मिलने वाली मजदूरी दिलाने की मांग की। गांव के अमरनाथ का कहना था कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गांव में तमाम आवासों के निर्माण कराए गए हैं। आवास निर्माण के साथ ही मनरेगा के तहत मजदूरी भी दी जाती है, लेकिन योजना के लाभार्थियों को मजदूरी नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत मजदूरी मिलना तो दूर उल्टे सभी लाभार्थियों से 20-20 हजार रुपये आवास बनवाने के नाम पर ले लिए गए हैं। कैलाश ने आरोप लगाया कि शासन की ओर से गरीब लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है, लेकिन इस योजना में गड़बड़ी कर अपात्रों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर तीन बार शिकायत पत्र दिया गया लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई नहीं की गई तो धरना दिया जाएगा।
इस मौके पर कैलाश, राजू, विनोद, लल्लू, बसंत, पप्पू, रमाकांत, लालती, सोनी, अंजली, प्रभु, संगीता, नारायण, रामलाल आदि मौजूद रहे।