चिउटहां। सिसवा क्षेत्र के चिउटहां चौराहे के पास स्थित पुलिस चौकी से आगे सिसवा रोड पर 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार छह माह से झूल रहा है। तार की वजह से एक मौत होने के बाद भी बिजली निगम इसको लेकर नहीं चेत रहा है।
गांव के दिनेश कुमार पांडे, उमेश कुमार, पूर्व प्रधान सुरेश पांडे ने बताया कि झूल रहे तार में कई स्थानों पर जोड़ लगे हुए हैं, जिससे आए दिन स्पार्किंग होती रहती है। उनका कहना है कि हाल ही में इसी लाइन के संपर्क में आने से एक मजदूर की जान भी जा चुकी है। करीब चार माह पूर्व मजदूर शिवेंद्र पुत्र श्रीकांत की इस तार के संपर्क में आने से करंट लगा था और उनकी मौत हो गई थी।
इसके बावजूद विभाग ने न तो लाइन की मरम्मत कराई और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए। इस हादसे के बाद भी विभाग की नींद नहीं टूटी है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों, किसानों और वाहन चालकों के लिए ये हाईटेंशन तार लगातार खतरा बना हुआ है। वहीं इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र बलूही धूस के जूनियर इंजीनियर कामतानाथ ने बताया कि मामला पहली बार उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही टीम भेजकर झूल रहे तार को ठीक कराया जाएगा।