कार की चपेट में आने से ससुर-बहू घायल
फरेंदा बाईपास पर बाइक मोड़ने के दौरान हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे बहू को प्रयोगात्मक परीक्षा दिलाने ले जा रहे बाइक सवार बाईपास पर कार की चपेट में आने से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी बनकटी ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान ससुर की मौत हो गई जबकि बहू का इलाज चल रहा है। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहना था।
फरेंदा थाना क्षेत्र के परसिया खुर्द निवासी राजकिशोर (50) बाइक से अपनी बहू मनीषा (22) को बैठा कर कस्बे के परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे। वह बाईपास पर कॉलेज के मोड़ पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रही कार की चपेट में आ गए। इस हादसे में ससुर व बहू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से दोनों को सीएचसी बनकटी पहुंचाया गया। जहां गंभीर हालत देख उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान ससुर राजकिशोर की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।