महराजगंज। निचलौल कस्बे के लोगों ने आबादी के बीच व विद्यालय के बगल में शराब की भट्ठी खोले जाने के विरोध में तहसील में शुक्रवार को प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने काफी देर तक नारेबाजी भी की। लोगों का कहना था कि हर्रेडीह वार्ड में घनी आबादी व जूनियर हाईस्कूल के बगल में शराब की दुकान खोलने की तैयारी चल रही है। इससे उधर से आने जाने वालों के लिए परेशानी बढ़ जाएगी। विद्यालय के पास शराब की दुकान खोले जाने से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने आबादी के बीच व विद्यालय के पास खुलने वाले दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल अभिषेक पांडेय ने कहा कि स्कूल के पास शराब की दुकान खुल जाने से छात्र - छात्राओं की परेशानी बढ़ जाएगी। उन्होंने विद्यालय के पास से शराब की दुकान अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। उनका कहना था कि जहां शराब की दुकान खोलने की तैयारी चल रही है, वहां स्कूल के अलावा घनी आबादी भी है। जिससे महिलाओं व बच्चों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ सकता है। लोगों ने एसडीएम से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में हरेंद्र चौरसिया, राकेश मद्धेशिया, अनिल वर्मा, संपूर्णानंद पांडेय, सुनील पांडेय, गौरव पांडेय, शैलेंद्र सिंह, पवन श्रीवास्तव, कन्हैया वर्मा, गोपाल विश्वकर्मा, बैजनाथ मद्धेशिया आदि शामिल रहे।