आईएमईआई नंबर और विभिन्न टूल्स की मदद से पुलिस ने खोज निकाले स्मार्टफोन
महराजगंज। जनपद पुलिस के सर्विलांस सेल ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 101 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
सर्विलांस टीम ने आईएमईआई नंबर आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक सर्विलांस टूल्स की मदद से विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन खोज निकाले। इस अभियान के तहत बरामद मोबाइल फोन बृहस्पतिवार को संबंधित स्वामियों को वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर सौंप दिए गए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इस सफलता पर सर्विलांस सेल की टीम को बधाई देते हुए कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। तकनीक आधारित पुलिसिंग वर्तमान समय की आवश्यकता है और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल जैसे प्लेटफॉर्म नागरिकों की संपत्ति सुरक्षित रखने में बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि अधिकांश मोबाइल भीड़-भाड़ वाले बाजारों, यात्रा के दौरान ऑटो-बसों में छूटने, बाइक चलाते समय गिरने, सार्वजनिक कार्यक्रमों, शादियों, पार्कों और धार्मिक स्थलों पर लापरवाही के कारण गुम हुए थे। कुछ मोबाइल बच्चों द्वारा गेम खेलते समय और कुछ नशे की हालत में भी खो गए थे।