संवाद न्यूज एजेंसी
जखौरा/ललितपुर। करकराबल जल प्रपात पर नहाने के दौरान बेतवा नदी में डूबे युवक का शव 24 घंटे बाद बुधवार शाम बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ, थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोर लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर के मोहल्ला नेहरू नगर जुगपुरा निवासी सौरभ सेन (22) मंगलवार को अपने छह दोस्तों के साथ थाना जखौरा क्षेत्र स्थित करकराबल जल प्रपात घूमने गया था। उसके साथ सोनू कुशवाहा, बृजेंद्र कुशवाहा, भूपेंद्र कुशवाहा, मदन कुशवाहा, दिनेश कुशवाहा और जयहिंद निवासी ग्राम रोडा भी मौजूद थे। बताया गया कि नहाने के दौरान अचानक सौरभ गहरे पानी में चला गया और बेतवा नदी के तेज बहाव में बह गया। साथियों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जखौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने और नदी के तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में दिक्कतें आईं। इसके बाद झांसी से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
बुधवार सुबह एसडीआरएफ के जवानों ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर दोबारा खोजबीन शुरू की। दिनभर चले अभियान के बाद शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर पानी के भीतर पत्थरों के बीच सौरभ का शव फंसा मिला। एसडीआरएफ जवानों ने शव को बाहर निकाला तो मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि मृतक गल्ला मंडी क्षेत्र में सैलून की दुकान संचालित करता था।
-
सीओ सदर बोले, मामले की जांच जारी
सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि करकराबल जल प्रपात में डूबे युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर और जखौरा थाना पुलिस लगातार अभियान चला रही थी। 24 घंटे बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। युवक किन परिस्थितियों में पानी में गिरा और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।