संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्राम बैरवारा में शनिवार शाम पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना शनिवार शाम की है। भाई ने केसीसी का कर्ज न चुका पाने की चिंता में आत्महत्या करना बताया है।
भाई अजुद्दी ने बताया कि शनिवार शाम को उसका भाई गोकुल अपनी पत्नी अनीता व चाची गम्मू के साथ खेत पर लकड़ी लेने के लिए गया था। पत्नी व चाची लकड़ी उठाने लगी थी और गोकुल कुछ दूर चला गया था। कुछ देर बाद जब पत्नी व चाची ने लकड़ी उठाने के लिए गोकुल को आवाज दी तो वह नहीं आया।
खोजबीन की तो देखा कि कुछ ही दूरी पर स्थित पेड़ से रस्सी के फंदे पर गोकुल का शव लटक रहा था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाई के मुताबिक गोकुल पर केसीसी का करीब दो लाख रुपये का कर्ज था। जिसे वह चुका नहीं पा रहा था।
इसी चिंता में उसने आत्महत्या की है। गोकुल के नाम 1.25 एकड़ जमीन है और वह चार भाईयों में तीसरे नंबर का था। उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।