युवक ने फांसी लगाकर दी जान
ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत एक गांव निवासी युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने बताया कि मानसिक संतुलन खराब होने के कारण युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। ग्राम चढ़रऊ निवासी अजय पुत्र कंछेदी शुक्रवार की सुबह शौच क्रिया के लिए निकला था। काफी देर तक वापस नहीं आया। दोपहर में राहगीरों ने देखा कि खेत पर लगे महुआ के पेड़ से एक युवक लटका है। इसकी सूचना गांव में दी गई। गांव वालों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो मृतक की पहचान अजय के रुप में हुई। मृतक ने महुआ के पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगाई। परिजनों ने बताया कि लगभग छह वर्ष पूर्व अजय का मानसिक संतुलन खराब हो गया था। उसका इलाज चल रहा था। संभावना जताई जा रही है कि इसी कारण से उसने आत्महत्या कर ली।