संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना बार क्षेत्र के ग्राम वस्त्रावन निवासी दिनेश (28) की सड़क हादसे में घायल होने के करीब एक माह बाद बृहस्पतिवार दोपहर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के चचेरे भाई अशोक विश्वकर्मा ने बताया कि करीब एक माह पहले दिनेश अपने साथी देशराज के साथ बाइक से थाना बबीना क्षेत्र के ग्राम चंदौली में मामा की बेटी की शादी में शामिल होने जा रहा था। बबीना के पास सड़क पर गड्ढे से गुजरते समय बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दिनेश और देशराज गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
राहगीरों की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद देशराज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, जबकि दिनेश की हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया था। परिजनों ने ग्वालियर के बाद झांसी के एक निजी अस्पताल में भी उसका इलाज कराया। मंगलवार को हालत में सुधार होने पर परिजन दिनेश को घर ले आए थे, लेकिन बृहस्पतिवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। थाना बार प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।