ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत झांसी रोड स्थित नहर में कानपुर का एक युवक गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना कानपुर नगर क्षेत्र अंतर्गत हंसपुर स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी ऋषि द्विवेदी पुत्र शीतला शंकर ललितपुर में एक बिस्कुट कंपनी में काम करता था। सोमवार को सुबह वह झांसी रोड स्थित नहर में गिर गया और डूबने लगा। आसपास देख रहे राहगीरों ने इसकी जानकारी डायल 112 पुलिस को दी, इस पर पुलिस कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर राहगीरों की मदद से युवक को नहर से निकाला और उसे जिला अस्पताल उपचार के लिए ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सालय प्रशासन द्वारा इसकी सूचना मेमो के माध्यम से- कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसी तरह, थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला रावतयाना मवेशी बाजार निवासी जगदीश प्रजापति पुत्र कुंजीलाल की सोमवार को सुबह करीब पौने पांच बजे अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने चिकित्सालय से मेमो मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।