संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर के अंदर कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के फंदे पर युवक का शव लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पत्नी से पारिवारिक कहासुनी हो जाने के बाद आत्महत्या करने की बात कही है।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम खाकरौन निवासी हजारी (35) पुत्र मर्दन अहिरवार बुधवार की रात को फंदे पर लटकता हुआ मिला। चाचा मुकंदी ने बताया कि बुधवार को हजारी अपनी पत्नी श्रीबाई के साथ घर पर अकेला था। जबकि दोनों बच्चे अपने दादा-दादी के साथ खेत पर गए थे। इस दौरान हजारी की पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद श्रीबाई गांव में चली गई थी। कुछ देर बाद जब वह घर लौटकर आई तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजे की दराज से झांककर अंदर देखा। यहां हजारी रस्सी के फंदे पर लटक रहा था। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुई। यहां छत के कुंदे से रस्सी के फंदे पर हजारी का शव लटक रहा था। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। वह दो भाई-एक बहन में छोटा था और खेती किसानी व मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। थाना बानपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।