संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। युवा उपन्यासकार अभिनव जैन का चौथा उपन्यास नायिका-ए गर्ल विद ड्रीम्स के अंग्रेजी संस्करण का विमोचन किया गया। यह उनका चौथा उपन्यास है। इसमें एक नौकरी करने वाली महत्वाकांक्षी लड़की की कहानी है, जिसे अपने सपनों को पूरा करने की चाह रखने की वजह से समाज के उलाहने झेलने पड़ते हैं।
किताब में बहुत कुछ ऐसा है, जो पाठकों को अपने अनुभव याद दिलाएगा। यह हर लड़की के अंदर छिपी एक नायिका को बताती है जो किसी न किसी रूप में छिपी होती है। कोई अपने अंदर छिपी नायिका को समाज की वजह से मार देती है या कोई अपने अंदर की नायिका को संघर्ष करते हुए जीवन को एक नई दिशा और नया स्वरूप दे देती है। उपन्यास के माध्यम से संदेश दिया गया है कि स्त्रियां अपने अंतरमन और रुढ़िवादिता के बीच युद्ध में अपने आपको जिताएं और आगे बढ़ें। नया इतिहास लिखें, क्योंकि इतिहास गवाह है, जब-जब जिस इंसान पर जग हंसा है, इतिहास भी बस उसी ने रचा है और समाज को एक नया मार्ग दिया है। इसके पहले अभिनव का प्रतिहारी, कालचक्र का खेल तीन भागों में प्रकाशित हो चुका है और बेस्ट सेलर भी रहा। इस दौरान अधिवक्ता पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, अनमोल दुबे, श्वेता सिंघवानी, निशा, रविंद्र घोष, आकाश झा आदि उपस्थित रहे।