ललितपुर (ब्यूरो)। शनिवार की शाम देवगढ़ रेलवे क्रासिंग के आगे नए मालगोदाम के पास संपर्क क्रांति से कटकर युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कर ली गई है।
शनिवार की शाम करीब पौने पांच बजे भोपाल जा रही संपर्क क्रांति से कटकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त महरौनी कोतवाली के ग्राम पठा विजयपुरा निवासी मनोज गोस्वामी (25) पुत्र राम सजीवन गोस्वामी के तौर पर हुई है। जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला अस्पताल में मृतक के भाई बृजेंद्र ने बताया कि उसके भाई के गांव की एक विवाहिता से अवैध संबंध थे। वह महिला कोतवाली के नेहरु नगर में रहती है। उसका आरोप है कि उक्त महिला उसके भाई को लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। शुक्रवार को उसका भाई अपने जीजा की मोटर साइकिल लेकर गांव से निकला था।
रात भर परिजनों ने इंतजार किया, लेकिन वापस नहीं आने पर उसने महिला को फोन लगाया। महिला ने बताया कि उसका भाई ललितपुर में उसके पास है।
बृजेंद्र शाम करीब पांच बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे तो महिला व उसका पति मिला। पूछने पर दोनों ने बताया कि मनोज ने आत्महत्या कर ली है। वहीं, बृजेंद्र ने बताया कि मनोज की मोटर साइकिल (एमपी 67 एनए 4446) भी गायब है। हालांकि, अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बाइक भिड़ीं, पांच घायल
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मसौरा बैरियर पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर है। नगर के मुहल्ला नझाई बाजार निवासी मनीष जैन अपने साथी दीपक कुमार निवासी सिद्दन रोड के साथ टीकमगढ़ प्रवेश पत्र लेने जा रहा था।
ग्राम सतरवांस निवासी दीपेंद्र अपने भाई मनु का इलाज कराने जिला अस्पताल आया था। उसके साथ शक्ति राजा भी था। मसौरा बेरियर के पास मनीष व दीपेंद्र की बाइक आमने-सामने से टकरा गई, जिससे बाइक सवार घायल हो गया। दुर्घटना में मनीष व दीपेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से जेब कतरे पकड़े
ललितपुर। अस्पतालों में मरीजों व तीमारदारों की जेब काटने वाले दो जेबकतरे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए। शनिवार की दोपहर में उन्हें जिला अस्पताल से पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। बस स्टैंड के सामने डा. आरके अग्रवाल का नर्सिंग होम है।
नर्सिंग होम में लगातार मरीजों व तीमारदारों की जेब कट रही थी। शनिवार की दोपहर में भी अशोक विश्वकर्मा नामक मरीज की जेब से दो सौ रुपये निकाल लिए गए। लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए डा. अग्रवाल ने नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। फुटेज में तीन युवक धनतेरस के दिन एक मरीज की जेब काटते दिखे। इसके बाद वही युवक शनिवार की सुबह अशोक की जेब काटते हुए फुटेज में दिखाई दिए। डा. अग्रवाल ने पूरे स्टाफ को सीसीटीवी फुटेज दिखाए और युवकों को दबोचने की रणनीति बनाई।
स्टाफ के दो कर्मचारी जिला अस्पताल गए हुए थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे कर्मियों को दोनों जेबकतरे जिला अस्पताल में घूमते मिल गए। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सिविल लाइन चौकी पुलिस ने दोनों जेबकतरों को पकड़ लिया गया। जेबकतरे चांदपुर गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर दूसरी घटनाओं की जानकारी जुटाने में लगी है।
नल पर धोते थे हाथ
ललितपुर। सीसीटीवी फुटेज में जेबकतरे जेब काटने के बाद डा. अग्रवाल के नर्सिंग होम के बाहर लगे नल में हाथ धोते हुए दिख रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जेबकतरे हर बार नल में हाथ धोने आते थे।