संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नेशनल हाईवे-44 पर ग्राम खड़ेरा-भैंसाई के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक परमाल यादव की मौत हो गई। वह अपनी चचेरी बहन की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने जा रहा था। हादसे के बाद घर में चल रही शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं।
थाना पाली क्षेत्र के ग्राम दूधई मजरा कंचनपुरा निवासी 26 वर्षीय परमाल सोमवार को बाइक से निमंत्रण कार्ड बांटने निकला था। जैसे ही वह हाईवे-44 पर खड़ेरा-भैंसाई के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों के अनुसार, उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ललितपुर ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे झांसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के चचेरे भाई राहुल ने बताया कि एक मई को उसकी बहन संध्या की शादी है, जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थीं। परमाल निमंत्रण देने निकला था, लेकिन हादसे ने खुशियों को शोक में बदल दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। बताया गया कि परमाल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी और एक पुत्र है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।