संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कल्याणसिंह सभागार रामनगर में 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में किया गया। सुबह स्कूली बच्चों ने प्रमुख स्थानों पर जागरूकता रैली निकाली, साथ ही विभिन्न प्रकार की गतिविधियों जैसे स्लोगन राइटिंग, पोस्टर, वाद विवाद प्रतियोगिता, रंगोली, स्टॉल, नुक्कड़ नाटक आदि से मतदाताओं को जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज युवा पीढ़ी को मतदान की ताकत समझने की जरूरत है। मतदान लोकतंत्र का प्रमुख अंग है, सभी बच्चे अपने आसपास के लोगों को इसके लिए अधिक से अधिक जागरूक करें। जिन बच्चों ने आज यहां प्रस्तुतियां दी हैं, उन बातों को आप अपने घर पर भी बताएं। मतदान की प्रक्रिया को जानें और सभी मतदाता वोटर लिस्ट में अपना नाम अवश्य चेक कर लें। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा है। संविधान ने जो हमें अधिकार दिए हैं, उनका प्रयोग कर मतदान करें। साथ ही जो भावी मतदाता हैं, वे अपने घर व आसपास के मतदाताओं को जागरूक करें। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे लवकुश कुमार त्रिपाठी, सीओ सिटी अभय नारायण राय, ईओ नगर पालिका निहालचंद, एडीईओ समर सिंह, एडीआई सुरजीत सिंह, तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी आदि उपस्थित रहे।