ललितपुर । पुलिस अधीक्षक द्वारा यातायात माह के दौरान मंगलवार को एक घंटे तक जिले भर में चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान की समीक्षा की गई। चेकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को उन्होंने शाबासी दी तथा अन्य से स्पष्टीकरण तलब किया गया।
वाहन चेकिंग अभियान में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगला प्रसाद तिवारी, थानाध्यक्ष नाराहट रामसहाय व थानाध्यक्ष पाली मुकेश वर्मा को उत्कृष्ट कार्रवाई पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा वाहन चेकिंग में संतोषजनक कार्रवाई नहीं करने पर रामबरन सिंह थानाध्यक्ष बानपुर, राकेश कुमार थानाध्यक्ष पूरा कलॉ, अजयपाल सिंह प्रभारी निरीक्षक मडावरा एवं नीरज दीक्षित प्रभारी यातायात से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
विदित हो कि वाहन चेकिंग के दौरान अनियमितता पाए जाने पर विभिन्न वाहनों का चालान किया गया तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालकों से 98,150 रुपए शमन शुल्क वसूल किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को हिदायत दी है कि यातायात माह में वाहन चेकिंग के दौरान संवेदनशील होकर चेकिंग करें।