संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शनिवार को तुवन मैदान पर होने वाली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं, कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए वाटर प्रूफ पंडाल लगाए गए हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। तुवन मैदान की ओर जाने वाले सभी मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। पुलिस लाइन और गिन्नौट बाग में हेलीपैड बनाया गया है।
जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि मंच पर 32 पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि सभा में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, विधानसभा अध्यक्ष कुंवर मानवेंद्र सिंह सहित कई मंत्री व अन्य प्रमुख पदाधिकारी रहेंगे। गर्मी को देखते हुए पांडाल में करीब 10 हजार कुर्सियां और कूलर आदि की व्यवस्था की गई है।
शनिवार को पुलिस सहित सुरक्षा एजेंसियां व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने में जुटे रहे। गृहमंत्री के जिले में मौजूदगी के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा। सड़कों, तिराहों और अन्य स्थानों पर करीब बीस से अधिक बैरियर लगाए जाएंगे। जहां पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। गृहमंत्री के गुजरने वाले काफिले वाले सड़क मार्ग पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। खुफिया इकाई की टीमें भी सक्रिय रहकर गोपनीय जानकारी जुटाएंगी। सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई लापरवाही न हो इसके लिए पुलिस उच्चाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा का जायजा लेते रहेंगे।
यह है कार्यक्रम
सुबह 11 बजे हेलीपैड पर उतरेगा गृहमंत्री का हेलीकॉप्टर
11:30 बजे तुवन मैदान स्थित सभास्थल पर पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे
12:50 बजे गृहमंत्री बांदा जनपद के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हो जाएंगे।
भाजपा नेताओं ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा
ललितपुर। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा शुक्रवार, जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, लोकसभा प्रभारी नागेंद्र गुप्ता, श्रम सेवा राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ तुवन मंदिर प्रांगण पहुंचे। नेताओं ने सभा स्थल का जायजा लिया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो